दो साल पहले ग्रामीण खेलकूद के नाम पर लाखों रुपये के सामान की खरीद में घपले के प्रकरण में पूर्व आरएसओ मुद्रिका पाठक के खिलाफ शासन ने जांच शुरू करा दी है। सोमवार को डिप्टी डायरेक्टर आरएन सिंह दोबारा स्पोर्ट्स स्टेडियम जांच करने पहुंचे। उन्होंने उस दौरान स्टेडियम में तैनात रहे सभी कोच की बैंक पासबुक चेक कीं। इसके अलावा रिकॉर्ड खंगाला और बाबुुओं से अलग-अलग पूछताछ की।
डीएम गौरव दयाल के कार्यकाल में ग्रामीण स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं हुई थीं। उस दौरान लाखों का सामान खरीदा गया था। इसे पूर्व आरएसओ मुद्रिका पाठक ने खरीदा था। उसी दौरान शिकायत हुई थी कि खरीद में घपलेबाजी की गई है। लाखों रुपये का सामान नियमों को ताक पर रखकर खरीदा गया। शिकायत होने के बाद अब शासन स्तर से जांच शुरू हो गई है। डिप्टी डायरेक्टर आरएन सिंह पिछले सप्ताह भी स्पोर्ट्स स्टेडियम में जांच के लिए पहुंचे थे। वह सोमवार को फिर आए और उस दौरान स्टेडियम में तैनात कोच के बैंक खातों की जानकारी ली। नोटबंदी के दौरान किस कोच के खाते में कितने पैसे ट्रांसफर हुए यह भी देखा। खरीद के सारे रिकॉर्ड चेक किए गए। बाबुओं को अलग-अलग बुलाकर उनसे पूछताछ हुई। सूत्रों की मानें तो बिना हिसाब किताब के दिल्ली से लाखों का सामान खरीदा गया था। कौन सा सामान कितने रुपये का आया, उसका भी कोई हिसाब नहीं है। आरएसओ लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि डिप्टी डायरेक्टर जांच को आए थे। वह शासन के आदेश पर जांच कर रहे हैं।