लखीमपुर खीरी।
शहरवासियों के लिए रास्तों पर रोज लगने वाला जाम प्रमुख समस्या है, जिससे निजात दिलाने के लिए नगर पालिका ने अभी कोई प्लान नहीं बनाया है, बल्कि लोगों को जाम के दलदल में फंसाने का खाका जरूर तैयार कर लिया है। आठ प्रमुख रास्तों पर पार्किंग जोन बनाने का प्रस्ताव रखते हुए नगर पालिका ने टेंडर की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिनमें आधा दर्जन नई जगहें शामिल की गई हैं। इससे नगर पालिका की आय जरूर बढ़ेगी, लेकिन स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों के लिए समस्याएं बढ़ जाएंगी।
शहर में पार्किंग बनाने को लेकर अर्से से मांग चली आ रही है, क्योंकि अभी अधिकृत तौर पर नगर पालिका के पास पार्किंग का कोई स्थान नहीं हैं, जबकि शहर के प्रमुख रास्तों पर अवैध रूप से मैजिक, टेपों और ई-रिक्शा के स्टैंड संचालित किए जा रहे हैं। हर महीने इनकी संख्या बढ़ने से सड़क पर वाहनों को खड़ा करके सवारियां भरी जा रहीं हैं, जिससे नौरंगाबाद चौराहा, जीआईसी तिराहे, गांधी विद्यालय चौराहा, मेन रोड, बसअड्डा रोड पर हर घंटे जाम की स्थिति रहती है। इससे निपटने का हवाला देते हुए नगर पालिका ने शहर के आठ स्थानों पर पार्किंग जोन (टैक्सी स्टैंड) बनाने का फैसला लिया है, जिसके लिए इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने का खाका तैयार किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि इन स्थानों पर टैक्सी स्टैंड बन जाने से अन्य रास्तों पर लगने वाली जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
इन रास्तों पर पार्किंग जोन का प्रस्ताव
1. रेलवे स्टेशन के किनारे साइड पटरी पर नगर पालिका परिषद के कूड़ा डलाव घर तक।
2. मिश्राना पुलिस चौकी के सामने की साइड पटरी पर दुखहरण नाथ मंदिर तक।
3. कंपनी बाग के किनारे की साइड पटरी पर जिला पंचायत गेस्ट हाउस तक।
4. मोहल्ला थरवरनगंज में रेमंड शाप के सामने की साइड पटरी।
5.मोहल्ला बजार में भगवानदीन आर्य कन्या महाविद्यालय के सामने नाले की साइड पटरी पर।
6.संकटा देवी पुलिस चौकी के सामने की साइड पटरी।
7.कामनाथ अस्पताल के सामने की साइड पटरी जिला अस्पताल गेट तक।
8.तहसील के सामने साइड पटरी पर जिला पशु चिकित्सालय तक।
आठ पार्किंग स्थलों का चयन टैक्सी स्टैंड बनाने के लिए किया गया है, जिसमें एसडीएम सदर, एआरटीओ की राय ली गई है। इनके बनने से शहर में बेतरतीब आटो की आवाजाही को रोका जा सकेगा। अतिक्रमण को रोकने के लिए पार्किंग स्थलों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी।
- अखिलेश त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका
पार्किंग से पैदल यात्रियों को होगी परेशानी
शहर की सड़कें पहले से ही संकरी हैं, जिन पर पैदल यात्रियों को भी जाम का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित टैक्सी पार्किंग से फुटपाथ पर पूरी तरह से वाहनों का कब्जा हो जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि नगर पालिका ने पैदल यात्रियों के लिए कोई अंडरपास नहीं बनाया है।