बरेली। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. केएस गुप्ता पर आका की नजर-ए-इनायत बनी हुई है। मुख्यमंत्री स्तर से निलंबन के आदेश के तीन दिन बाद भी जिला अस्पताल के सीएमएस कुर्सी पर डटे हैं। उनके निलंबन का आदेश एडी हेल्थ और डीएम को तो मिल गया, लेकिन ये आदेश सीएमएस डा. गुप्ता को तामील नहीं कराया जा सका है। यही वजह है कि बच्ची की मौत के बाद मुस्कराने वाले सीएमएस तीन दिन बाद भी जिला अस्पताल में बने रहे। कभी ऑफिस तो कभी बाबुओं से बतियाते रहे तो कभी राउंड लेकर स्टाफ को दिशा निर्देश देते रहे।
बुधवार को जिला अस्पताल अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते पांच दिन की बच्ची की मौत हो गई थी। मृत बच्ची को गोद में लिए पिता जब सीएमएस डा. गुप्ता से अपना दुखड़ा कहने पहुंचा तो सांत्वना जताने के बजाय उससे सवाल-जवाब करते रहे। सीएमएस मुस्कराते हुए बच्ची के पिता का ध्यान महिला अस्पताल की ओर मोड़ते रहे। इस संवेदन हीनता पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुधवार रात ही सीएमएस को बच्ची की मौत का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया था। गुरुवार को उनके निलंबन का आदेश डीएम और एडी हेल्थ को मिल भी गया। इसे ‘आका’ की मेहरबानी कहें या उच्चाधिकारियों की ढिलाई.. निलंबन का आदेश शुक्रवार तक सीएमएस को तामील नहीं कराया गया। ‘आका’ की मेहरबानी के चलते सीएमएस शुक्रवार को कुर्सी पर जमे रहे। दफ्तर में बाबुओं से बतियाते रहे। नोडल अधिकारी के आने से पहले और उनके जाने के बाद अस्पताल का राउंड लेकर व्यवस्था का जायजा लिया। एडी हेल्थ का कहना है कि शासन से उनके निलंबन आदेश को तामील कराने के साथ पूरे मामले की जांच निदेशक (सीएचसी) रूकम पेश को दी है। उनका निलंबन आदेश वही तामील कराएंगे।
आका रद्द कराने में जुटे निलंबन
बरेली। पिछले साल बुखार से हुईं सैकड़ों मौतों के बाद सीएमएस को बचाने में कामयाब रहे उनके ‘आका’ इस बार भी निलंबन रद्द कराने में लगे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि इसीलिए आदेश तामील नहीं कराने में देरी की जा रही है। हो सकता है अभी दो दिन और निलंबन का आदेश तामील न कराया जाय। प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) प्रशांत द्विवेदी ने सीएमएस डा. गुप्ता को बुधवार को ही निलंबित कर पूरे मामले की जांच कर आख्या और निलंबन आदेश की तामीला रिपोर्ट शासन को अतिशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन ‘आका’ की इनायत के चलते न तो निदेशक स्तर से जांच शुरू हुई और न ही निलंबन का आदेश तामील कराया गया।
‘शासन से सीएमएस के निलंबन का आदेश उन्हें शुक्रवार को दोपहर बाद प्राप्त हुआ है। जल्द ही इस मामले की जांच शुरू करेंगे साथ ही एडी (हेल्थ) को बुलाकर उनके माध्यम से निलंबन आदेश की तामीली सोमवार तक करा दी जाएगी।’
रूकम पेश, निदेशक (सीएचसी)