बरेली। ट्रैफिक पुलिस अलग तरह का ‘जाम’ खोलती है। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस की टीम शहर से किलोमीटरों दूर बीसलपुर रोड पर एसआर इंटरनेशनल स्कूल के सामने मोटर साइकिल वालों के ‘कागज’ चेक कर जाम खोलती नजर आई। दूसरी तरफ डेलापीर चौराहे के पास महीनों से लगातार जाम लगने की शिकायतों पर खुद सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार को मौके पर पहुंचना पड़ा। जाम लगने के कारणों की खोजबीन की तो पता चला कि तमाम दुकानदारों ने सड़क कब्जा रखी है। फुटपाथ पर फलों के ठेलों का जमावड़ा है। यह नजारा देखकर सिटी मजिस्ट्रेट 28 दुकानदारों को नोटिस जारी कर उन्हें 30 जून को अपने कोर्ट में तलब कर लिया।
डेलापीर चौराहे के पास मंडी के इर्द-गिर्द भारी अतिक्रमण है। पक्की दुकान वालों ने भी दस से पंद्रह फुट आगे तक अपना सामान फैला रखा है। चौराहे से सौ फुटा मोड़ और मंडी के गेट के आगे तक फुटपाथ पर फल वालों का कब्जा है। चूंकि सुबह छह से 11 बजे तक मंडी में सैकड़ों वाहनों का आना-जाना होता है, लिहाजा इस दौरान स्थायी रूप से सड़क जाम रहती है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस कभी इधर नहीं फटकती। मंडी के अधिकारी जरूर अतिक्रमणकारियों को कई बार चेतावनी भी दे चुके हैं, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने 28 दुकानदारों चिह्नित करते हुए अपने कोर्ट में हाजिर होने का नोटिस जारी कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ दो-दो लाख रुपये के निजी मुचलका और इतनी ही जमानतों से पाबंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
न चौराहा चौड़ा किया न रोटरी बनाई
डेलीपीर मंडी के पास आईवीआरआई की तरफ चौराहे का चौड़ीकरण नहीं किया गया है। यहां पुलिया के आगे तक फल सहित दूसरे दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। इसके आगे टैंपो और बाइक वाले खड़े रहते हैं। चौराहे पर रोटरी भी नहीं बनाई गई है। आए दिन यहां वाहनों के टकराने की घटनाएं होती रहती है। नगर निगम भी इस चौराहे को दुरुस्त कराने को लेकर गंभीर नहीं है।
‘डेलीपीर के पास काफी जाम लगा रहता है। यहां दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। 28 दुकानदारों को चिह्नित कर उन्हें कोर्ट में जवाब देने का नोटिस भी जारी किया जा चुका है।’
- संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट