कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी रिश्ते के चाचा ने मानसिक मंदित किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना लिया। किशोरी घूमते हुए आरोपी के घर की ओर पहुंच गई थी तभी आरोपी दस रुपये का लालच देकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। बाद में किसी तरह उसके चंगुल से मुक्त होकर किशोरी चीखी तो मोहल्ले के लोग आ गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया। बुधवार शाम को पुलिस ने गांव से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला मंगलवार देर शाम का बताया जा रहा है। एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपने सगे चाचा के घर रहती है। वह मानसिक मंदित है। उसकी मां की मौत हो चुकी है और पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। मंगलवार शाम किशोरी किसी तरह चाचा के घर से बाहर निकल आई और घूमते हुए पड़ोस में रहने वाले रिश्ते मेें चाचा लगने वाले राजू पुत्र राजेंद्र के घर के पास पहुंच गई। आरोप है कि उस वक्त राजू गली में खड़ा था। उसने किशोरी को दस रुपये का लालच दिया और अपने घर ले गया। उस वक्त आरोपी के घर पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी चीखी-चिल्लाई तो आरोपी भाग गया। इस पर किशोरी के सगे चाचा और मोहल्ले के कई लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना देकर बुलाया। बुधवार को पुलिस ने सगे चाचा की तहरीर पर आरोपी राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और किशोरी को मेडिकल परीक्षण को महिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया। अभी उसे जेल नहीं भेजा गया है। आरोपी एक पैर से दिव्यांग भी है।
कादरचौक थाने में किशोरी से दुष्कर्म के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी भी गिरफ्तार हो गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी