बरेली। परीक्षा के दौरान सोमवार को बरेली कॉलेज में हंगामा हो गया। इस बार कारण था प्रश्नपत्र। बीकॉम ऑनर्स के छात्रों का कहना था कि न्यूमेरिकल के पेपर में थ्योरी वाले सवाल पूछे गए हैं, जोकि गलत है। इससे उनकी मार्किंग पर असर पड़ेगा। बमुश्किल शिक्षकों ने स्टूडेंट्स को शांत किया और मामला विश्वविद्यालय के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
सोमवार को बरेली कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स फाइनल ईयर का फाइनेंसियल मैनेजमेंट का पेपर था। 50 अंक का यह पेपर न्यूमेरिकल बेस्ड होता है और अच्छे नंबर पाने के लिए ही छात्र इस पेपर का चयन करते हैं। लेकिन जब पेपर आया तो छात्र भड़क गए। 10-10 नंबर के तीनों दीर्घ उत्तरीय प्रश्न थ्योरी वाले थे। तीन-तीन अंक के पांचों लघु उत्तरीय प्रश्न भी थ्योरी वाले ही थे। इसके अलावा एक-एक अंक के पांच बहुविकल्पीय प्रश्न थे। कुल मिलाकर 50 अंक के पेपर में 45 अंक के प्रश्न थ्योरी पर आधारित थे। इस पर छात्र-छात्राओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंक मेहरोत्रा पहुंचे और परीक्षार्थियों को समझाया कि मामले को विश्वविद्यालय के समक्ष रखेंगे। इसके बाद परीक्षार्थी बमुश्किल शांत हुए। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के चलते अच्छे नंबर स्कोर करने वाले पेपर में परीक्षार्थियों को परेशानी हुई है।