केंद्रीय वस्तु व सेवा कर अफसरों ने सेमीनार आयोजित कर जीएसटी से जुड़े सवालों का समाधान किया। इस मौके पर पहुंचे कारोबारियों ने विभिन्न सवाल किए, अफसरों ने बताया कि जीएसटी से संबंधित समस्या आदि पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है।
गुरुवार शाम सिविल लाइंस स्थित एक होटल में जीएसटी पर सेमिनार हुई, जिसमें गौतम बुद्ध नगर से आए केंद्रीय सेवा कर आयुक्त अमंद शाह ने बताया कि विभाग अपने अधिकारियों के लिए जीएसटी के नियमों की जानकारी देने को रोजाना सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे तक विशेष कार्यक्रम कर रहा है। फिर भी कोई शंका है तो ई-मेल के जरिए समाधान प्राप्त कर सकते हैं। व्यापारियों को अपडेट रखने के लिए ट्विटर हैंडल भी बनाया गया है। मास्टर ट्रेनरों ने व्यापारियों के सवालों का जवाब दिया। साथ ही बताया कि बरेली के जीएसटी कार्यालय में जीएसटी सेवा केंद्र खुला हुआ है। वहां जाकर व्यापारी अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। सहायक आयुक्त बरेली मनोज प्रभाकर और नीरज श्रीवास्तव ने आभार जताया।
उधर, महानगर सराफा एसोसिएशन और डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने जीएसटी पर संयुक्त कार्यशाला रोटरी भवन में आयोजित कराई, जिसमें वाणिज्य कर विभाग के उपायुक्त जिलाजीत, शिवकुमार, गौरीशंकर, परवेज रफत आदि ने व्यापारियों के सवालों का समाधान किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू ने व्यवसायियों की समस्याओं को रखा और समाधान कराया गया। इस दौरान डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की ओर से राजकुमार मेहरोत्रा ने भी अपने विचार रखे। कार्यशाला में इकबाल सिंह बाले, संजीव अग्रवाल, राम जी मेहरोत्रा, दिनेश कटियार, मनीष मेहरोत्रा, मुकेश अग्रवाल, अमित कुमार, ओम बाबू, रीतेश अग्रवाल, अनुराग रस्तोगी, राजेश रस्तोगी, अनुज कुमार, राजेश वढे़रा, रवि कुमार, मनोज कपूर, प्रवीण अग्रवाल, हरिओम रस्तोगी, दिनेश अग्रवाल आदि ने सवाल किए।