नौगवां रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के साथ ही अब नए बन रहे टनकपुर बाईपास पर पूरनपुर रेलमार्ग व खटीमा रेलमार्ग पर भी ओवरब्रिज स्वीकृत हो चुके हैं। इसके लिए रेलवे मुख्यालय से दोनों ओवरब्रिज की ड्राइंग भी सेतु निगम को प्राप्त हो गई है। खास बात यह है कि इस ओवरब्रिज का पूरा निर्माण सेतु निगम ही करेगा जबकि पूर्व में नौगवां क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज में रेलवे क्षेत्र में पड़ने वाले भाग का निर्माण स्वयं रेलवे ने कराया था। सेतु निगम ने दोनों ओवरब्रिज की ड्राइंग तैयार कर शासन को भेज दी है।
शहर मेें बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए असम रोड से 12 किमी का बाईपास बनाया जा रहा है। इस पर दो स्थानों क्रमश: पीलीभीत पूरनपुर और पीलीभीत खटीमा रेलमार्ग पर क्रासिंग आ रही है। इन दोनों रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति करीब तीन माह पूर्व शासन से मिली थी। इसके बाद सेतु निगम ने दोनों स्थानों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की थी। साथ ही रेलवे क्षेत्र में पड़ने वाले हिस्से की ड्राइंग बनाने के लिए रेलवे मुख्यालय को लिखा गया था। रेलवे मुख्यालय गोरखपुर की टीम ने दोनों स्थानों का सर्वे करने के बाद ओवरब्रिज के लिए अपने हिस्से की ड्राइंग तैयार कर सेतु निगम को उपलब्ध करा दी है। रेलवे से प्राप्त ड्राइंग की ऊंचाई के हिसाब से अब सेतु निगम ने दोनों ओवरब्रिज की ड्राइंग तैयार की स्वीकृत करा ली। सेतु निगम ने अब कंपाइल ड्राइंग और इस पर आने वाली अनुमानित लागत का प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेज दिया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द दोनों ओवरब्रिज को धनराशि आवंटित हो जाएगी।
650 मीटर लंबे होंगे ओवरब्रिज
शहर के नौगवां क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज में मोड़ होने के चलते इसे लगभग 900 मीटर लंबाई में बनाना पड़ा था, जबकि नए बाईपास पर बनने वाले दोनों ओवरब्रिज सीधा है। इसलिए इसकी लंबाई 650-650 मीटर रखी गई है। इन पर अनुमानित लागत 40-40 करोड़ रुपये आएगी।
एक से डेढ़ वर्ष लगेगा समय
सेतु निगम अभियंताओं की मानें तो धनराशि स्वीकृत होते ही ई-टेडरिंग कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने के एक से डेढ़ साल के अंदर दोनों काम पूरा करा लिया जाएगा।
नए बाईपास पर बनने वाले दोनों ओवरब्रिज के लिए रेलवे से ड्राइंग मिलने के बाद कंपाइल ड्राइंग तैयार कर ली गई है। शासन से स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।
आशीष निर्वाल, जेई सेतु निगम
शहर में भी जाम से मिलेगी मुक्ति
पीलीभीत। शहर के बाहर नया बाईपास एवं इस पर पड़ने वाली दोनों रेल लाइन पर ओवरब्रिज बनने से अब उत्तराखंड जाने वालों को काफी राहत होगी। बिना किसी जाम के लोग उत्तराखंड की ओर जा सकेंगे। वहीं शहर में भी जाम से मिलेगी मुक्ति मिलेगी।
बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, पूरनपुर, बीसलपुर की ओर से आकर टनकपुर, खटीमा, पूर्णागिरि जाने के लिए अभी तक शहर के बीच से गुजरना पड़ता है इससे शहर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इससे जाम की स्थिति भी बनी रहती है। अब टनकपुर रोड के लिए नया बाईपास एवं इस पर दो ओवरब्रिज बन जाने से शहर के बाहर से ही सभी वाहन बिना रुकावट के उत्तराखंड की ओर जा सकेंगे। वाहनों को पूरनपुर के असम हाईवे से टनकपुर रोड तक 12 किमी लंबे इस बाईपास पर रेलवे फाटक की बाधा खत्म हो जाएगी। इससे समय की काफी बचत होगी।