डाकघर गबन में दो और सस्पेंड
गबन की रकम का आकलन करने में उलझा विभाग
बरेली। मुख्य डाकघर में घरवालों के नाम चेक काटकर एक करोड़ से अधिक का गबन करने वाला उप पोस्टमास्टर वाईके शर्मा अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। विभाग ने उसे सस्पेंड कर दिया है। छानबीन में लगातार घपले सामने आ रहे हैं। इसके चलते एक खजांची समेत दो कर्मचारी और सस्पेंड कर दिए गए हैं।
चेक से सरकारी धन गबन करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। होली पर भी डाक विभाग के अधिकारी एवं सहयोगी लेखा विभाग की लापरवाही और मिलीभगत से हुए घोटाले की जांच जारी रही। बृहस्पतिवार को बड़ी तादात में गड़बड़ी वाले चेक भी पकड़ में आए हैं। गबन की रकम सही नहीं मिलने और इसकी तकनीक समझ में न आने के चलते बाहर से जानकार बुलाए जाने की संभावना है। इस बीच खजांची उमेश बाबू और सहायक लेखा लिपिक नवनीत कौर को निलंबित कर दिया गया। इस मामले में अब तक तीन लोग सस्पेंड हो चुके हैं। उप पोस्टमास्टर शर्मा पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है, जो अब तक फरार है। इस मामले में बैंकों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे गबन की गई रकम का आकलन करना मुश्किल हो रहा है।