फर्जी एस्टीमेट तैयार कराकर लाखों रुपये का भुगतान कराने की कोशिश करने की शिकायत पर डीएम डॉ. पिंकी जोवल ने शीशगढ़ नगर पंचायत के खिलाफ जांच बैठा दी है। एसडीएम मीरगंज राजेश कुमार के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता वीपी सिंह के साथ मौके पर जाकर आरोपों की जांच की। इस दौरान उन्होंने कई आरोपों को सही पाने पर टेंडर निरस्त करने की सिफारिश कर दी है।
नगर पंचायत, शीशगढ़ के वार्ड 11 के सदस्य जलीस अहमद ने अपने साथी कमर अली, हिफजुररहमान, मेराज अहमद के साथ डीएम से मुलाकात करके बताया था कि चेयरमैन हाजी जाहिद हुसैन उर्फ गुड्डू का एक माह का कार्यकाल रह गया है। चेयरमैन अवर अभियंता से साठगांठ क रके तमाम फर्जी एस्टीमेट तैयार करा लिए और भुगतान कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने 15 जून को निविदा प्रकाशित कराई है। निविदा में जो काम दिखाए गए हैैं, वह काम पहले ही हो चुके हैं। डीएम ने मामले की जांच टेक्निकल कमेटी से कराने के आदेश जारी कर दिए। एसडीएम मीरगंज ने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता के साथ मौके पर जाकर सभी आरोपों की जांच की। एसडीएम के मुताबिक जांच में कई आरोप सही पाए जाने पर उन्होंने टेंडर निरस्त करने की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
बसपाइयों ने भाजपा का चोला पहनकर उनकी शिकायत की है। कुछ काम भरोसे में करा दिए जाते हैं। यह हमेशा होता है लेकिन शिकायत करने वाले शीशगढ़ का विकास नहीं चाहते हैं। विरोधियों को लगता है कि शीशगढ़ का विकास होने से उन्हें चुनाव में फायदा हो सकता है। निविदा पर सवाल उठने पर उन्होंने ही निरस्त करने का फैसला कर लिया था। जांच में ही यही संस्तुति की गई होगी।
- हाजी जाहिद हुसैन उर्फ गुड्डू, चेयरमैन