सर्विलांस सेल ने दस महीने में किए बरामद, 21 लाख रुपये है कीमत
बरेली। उत्तराखंड और आसपास के जिलों में चल रहे खोये हुए 110 मोबाइल सर्विलांस सेल ने बरामद कर लिए। मंगलवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने ये मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बरामद हुए मोबाइल या तो खो गए थे या चोरी हुए थे। सर्विलांस टीम ईएमआई नंबर के आधार पर लगातार इन मोबाइल की तलाश में लगी थी। दस महीने के दौरान उत्तराखंड के रुद्रपुर, खटीमा, मुरादाबाद, बदायूं और रामपुर में संचालित ऐसे ही 110 मोबाइल बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि गांव देहात के लोगों ने सस्ते के लालच में ये फोन खरीदे थे और इस्तेमाल कर रहे थे। ऐसे ही लोगों से फोन बरामद करके उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। इस दौरान करीब 50 लोग मोबाइल लेने एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि बरामद हुए सभी मोबाइलों की कीमत करीब 21 लाख रुपये है, जिनमें 10 हजार से 45 हजार रुपये तक के मोबाइल शामिल हैं। बरामदगी करने वाली टीम में सर्विलांस प्रभारी जावेद खान, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, मुकेश बाबू, विपिन तिवारी आदि शामिल हैं। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।