सफदरगंज (बाराबंकी)। घर से मिल जाकर नौकरी करने की बात कहकर निकले एक युवक का क्षतविक्षत शव बुधवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पिता ने अपने बेटे के साथ अनहोनी होने की आशंका व्यक्त की है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव निवासी निर्मल वर्मा का बेटा अभिषेक उर्फ नान्हू (25) मंगलवार की शाम को घर से एक मिल में नौकरी करने की बात कहकर निकला था। उसने परिवारीजनों को बताया कि उसकी नाइट ड्यूटी होने के कारण वह सुबह आठ बजे वापस आएगा। मगर, बुधवार सुबह थाना क्षेत्र के बदोसरायं रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग से करीब सौ मीटर की दूरी पर उसका क्षतविक्षत शव संदिग्ध दशा में पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना सफदरगंज पुलिस को दी। जिस पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त होने के बाद परिवारीजनों को सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता निर्मल वर्मा ने बताया कि उसका बेटा मंगलवार को घर से मिल जाकर नौकरी करने की बात कहकर निकला था। ऐसे में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से उसके साथ अनहोनी हुई है।
एसओ अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर एक क्षतविक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। जिसकी शिनाख्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवारीजनों ने भी अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।