बाराबंकी। नगर पालिका प्रशासन का एक कारनामा शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गया है। कई ऐसे मोहल्ले हैं, जहां पर अभी तक पानी की लाइन नहीं है और न ही पेयजल आपूर्ति शुरू हो सकी है, लेकिन बिल घर पहुंच गया है। ऐसे में इसके चलते लोग काफी परेशान हो रहे है। हालांकि नगर पालिका के अफसरों का कहना है कि जिनके बिल में कोई कमी है वह आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
मालूम रहे कि शहर में करीब 36 हजार घर हैं, जिनसे नगर पालिका गृह व जलकर वसूल कर रही है। इनमें चौदह हजार ही नियमित टैक्स दे रहे हैं। ऐसे में अन्य लोगों को टैक्स जमा करने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। करीब पांच साल पहले हुए सीमा विस्तार के बाद शहर में कई नए इलाके नगर पालिका परिषद का हिस्सा बन गए हैं। इन इलाकों में भी अब पेयजल के साथ सड़क, बिजली आदि के बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए जगनेहटा व मकदूमपुर दो जगहों पर नई पानी की टंकी भी बनाई गई है।
इन टंकियों से होने वाली सप्लाई के लिए कुछ मोहल्लों तक पेयजल लाइन बिछाई गई है, लेकिन तमाम मोहल्लों में अभी तक लाइन भी नहीं खिंच सकी है। इस समय शहर में कुल 29 वार्ड है, इनमें करीब पांच वार्ड ऐसे हैं, जो नए इलाके के हैं। ऐसे में इन जगहों पर रहने वाले लोगों के यहां पेयजल आपूर्ति नहीं है और सड़कों की भी हालत काफी खराब है।
इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने इन मोहल्लों के लोगों के यहां बीते दो से तीन साल का गृह व जलकर भेज दिया है।
हजारों की संख्या में यह टैक्स जमा करने की रसीद घर पहुंचने पर लोग परेशान है। बिल सही कराने के लिए लोगों को नगर पालिका के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। कर्मचारियों की मनमानी से शहरवासी दिक्कत से जूझ रहे हैं। ईओ पवन कुमार ने बताया कि शहर में लोगों के घरों पर जल व गृहकर जमा करने की नोटिस भेजा गया है। यदि किसी के बिल में कोई गड़बड़ी है तो वह इसे सही कराने के लिए पालिका कार्यालय आकर आपत्ति दर्ज कराकर उसे सही करवा सकता है।