फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्द हवाओं ने किया बेहाल, धूप रही बेअसर

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। दिन भर चली बर्फीली हवा से लोग बेहाल हो उठे। हालांकि दिन में धूप निकली लेकिन वह भी बेअसर रही। वहीं शाम होते ही गलन और ज्यादा बढ़ गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। बाजारों में सन्नाटा छा गया। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर यहां पर भी दिखाई देने लगा है। बर्फबारी की वजह से गलन और ज्यादा बढ़ गई है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने के आसार है। जिससे औसतन तापमान सामान्य से कम रहेगा और ठंड से फिलहाल कोई राहत मिलने के आसार नहीं है। वहीं ठंड भले ही काफी ज्यादा बढ़ गई हो लेकिन जिम्मेदारों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। शहर में चिहिन्त स्थानों छाया चौराहा, नाका सतरिख, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, नाका पैसार को छोड़ दिया जाए तो कई अन्य स्थानों पर अभी तक अलाव जलवाने के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
विज्ञापन

इससे आम लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और वह ठंड से बचाव के लिए खुद से इंतजाम कर रहे हैं। ईओ नगर पालिका पवन कुमार का कहना है कि शहर में 17 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके अलावा भी कई स्थानों पर जल्द ही अलाव जलवाए जाएंगे।
अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़
ठंड बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार के अलावा सांस के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। सोमवार को ओपीडी में करीब 13 सौ मरीज आए। इनमें सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या 400 रही तो सांस रोग के मरीजों की संख्या 35 के आसपास बताई गई।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है और ठंड भी काफी ज्यादा बढ़ गई है। ये मौसम हृदय रोगियों के लिए घातक है। ऐसे में उन्हें अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा और यदि कोई परेशानी हो तत्काल अपने चिकित्सक से संपर्क करें।
कड़ाके की ठंड में नहीं जले अलाव
सिद्धौर। सिद्धौर क्षेत्र के नगर पंचायत सहित अन्य स्थानों पर प्रशासन द्वारा कड़ाके की ठंड के बावजूद अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इसके चलते दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत सिद्धौर में मात्र दो अलाव मील चौराहा और सिद्धेश्वर चौराहा पर ही जलवाए जाते हैं।
जबकि नगर पंचायत के हटिया डोमन गड्ढा, पूरे लंबौआ, मालवीय नगर, नया पुरवा सहित अन्य वार्डों में अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई। इसी तरह असंद्रा, नई सड़क, कादीपुर, कैसरगंज, रसूलपुर, कोठी, सैदनपुर, सादुल्लापुर, लाखूपुर, बीस मील चौराहा और सेमरावां आदि चौराहों पर भी प्रशासन द्वारा अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
इस संबंध में एसडीएम हैदरगढ़ शालिनी प्रभाकर का कहना है कि क्षेत्रीय लेखपालों को अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। तो इस प्रकरण की पूरी जांच करा कर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें