बाराबंकी। विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासनिक तौर पर कसरत शुरू हो गईं हैं। इसे लेकर सोमवार को एसपी अनुराग वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में एसडीएम और सीओ की बैठक हुई। इसमें अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों के चिह्नीकरण कर जल्द इसकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। मतदाता सूची के साथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को चिह्नित करने के लिए संबंधित तहसील के एसडीएम और सीओ को संयुक्त रूप से बूथों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है ताकि मतदान को लेकर पूर्व में किसी प्रकार के हुए विवाद की पुनरावृत्ति न हो सके। इसकी रिपोर्ट संबंधित प्रोफार्मा पर देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नवाबगंज समेत रामनगर, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट, सिरौलीगौसपुर और फतेहपुर के एसडीएम और सीओ मौजूद रहे।
चार हजार युवाओं ने विशेष दिवस पर भरे फॉर्म-6
विधानसभा चुनाव से पहले शुद्ध मतदाता सूची तैयार किए जाने को लेकर आयोग के निर्देश एक नवंबर से 31 दिसंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। इसी बीच रविवार को पहले विशेष पुनरीक्षण दिवस पर जिले भर से चार हजार 42 युवाओं ने फॉर्म-6 भर कर मतदाता बनने का आवेदन किया है।
इनमें 1740 युवा, 1573 महिला और पांच दिव्यांग आदि शामिल हैं। वहीं एक ही दिन में 344 लोगों ने मृतकों के नाम हटाने के संबंध में फॉर्म-7 भरा है। जबकि दूसरे विधानसभा या बूथ के लिए 85 तो डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र लेने के लिए 65 लोगों ने आवेदन किया है। सभी फॉर्मों को संबंधित तहसील स्तर से ही फीडिंग का कार्य कराया जाएगा।