बाराबंकी। विधानसभा मतदाता सूची तैयार करने के लिए एक नवंबर से पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने के बाद बूथों पर विशेष कैंप के साथ महाविद्यालयों में वोटर हेल्प डेस्क स्थापित करने की योजना बनाई गई है। महाविद्यालयों में 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे। तो मतदाता सूची में शामिल नामों में त्रुटि भी फार्म के माध्यम से सही की जाएगी। सोशल मीडिया के साथ अन्य प्लेटफॉर्मों का भी प्रयोग करते हुए जनवरी में त्रुटि रहित मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी जिले में तेज हो गई हैं। पहले चरण में मतदाता सूची त्रुटि रहित तैयार करने के लिए नवंबर से विशेष अभियान संचालित होगा। इसमें सात नवंबर, 13 नवंबर, 21 नवंबर और 28 नवंबर को विशेष तिथियां घोषित करते हुए त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
पांच जनवरी को अंतिम प्रकाशन करने से पहले एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम शामिल करते हुुए मृतकों के नाम खारिज कर संशोधन किया जाएगा। शत-प्रतिशत युवा मतदाता सूची में शामिल हो सकें। इसके लिए युवाओं के साथ महिलाओं को शामिल किया जाएगा। कवायद सफल हो सके इसके लिए जिले के सभी महाविद्यालयों में वोटर हेल्प डेस्क स्थापित कर 18 वर्ष पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम शामिल किए जाएंगे। ताकि उन्हें बूथों पर जाने में समय बर्बाद न करना पड़े।
युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए स्कूल में हेल्प डेस्क के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सहयोग लिया जाएगा। प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां स्वीप के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इसके लिए पूरे एक माह का कार्यक्रम तय कर रूपरेखा तैयार की गई है।
-संदीप गुप्ता, एडीएम