बाराबंकी। विधानसभा चुनाव को लेकर शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसके लिए एक नवंबर से जहां नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। वहीं मृतकों के नाम हटाने के साथ संशोधन आदि का काम पूरा किया जाएगा। पूरे माह चलने वाले इस मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में चार विशेष दिवसों का भी आयोजन होगा। इसमें जिम्मेदार अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आवेदन लिए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार एक जनवरी 2022 तक 18 वर्ष की आयु पूरा कर रहे युवाओं के नाम शामिल किए जाएंगे।
जिले की छह विधानसभा सीटों पर अगले साल होने वाले चुनाव को लेकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य एक नवंबर से शुरू हो रहा है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में चार विशेष दिवसों 7, 13, 21 और 28 नवंबर की तिथियां निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित की गईं हैं। इन विशेष तिथियों में जहां जिला प्रशासन द्वारा नामित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आवेदन लिए जाएंगे।
वहीं अन्य दिनों में भी लोग मतदाता सूची से संबंधित कार्य अपने तहसील के बीआरसी केंद्र पर या बीएलओ से करा सकेंगे। आयोग के निर्देशानुसार, एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे या कर चुके लोग सूची में अपना नाम शामिल कर वोट डालने का अधिकारी पा सकेंगे। पुनरीक्षण कार्य को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विधानसभावार मतदाताओं की संख्या
विधानसभा--मतदाता
266 कुर्सी--373090
267 रामनगर--325603
268 बाराबंकी--380763
269 जैदपुर--388068
270 दरियाबाद--402383
272 हैदरगढ़--339538
मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य एक से 30 नवंबर तक चलेगा। इस बीच चार विशेष दिवसों में अधिक से अधिक आवेदनों को लेने का प्रयास किया जाएगा। तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
-श्रीधर यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी