बाराबंकी। रामसनेहीघाट में 18 मौतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डग्गामार वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अयोध्या हाईवे पर रातभर चेकिंग अभियान चलाकर 68 डग्गामार बसों का चालान करते हुए चार को सीज किया। उधर रामसनेहीघाट की घटना पर शासन द्वारा गठित टीम की जांच चल रही है। अभी तक इस मामले में किसी को आरोपी नहीं पाया गया है। जबकि कई विभागों की लापरवाही खुलकर सामने आई है। दुर्घटना ग्रस्त बस का परमिट भी नहीं पाया गया है।
सीएम के निर्देश के बाद अभियान चला तो सड़कों पर डग्गामार वाहन रफ्तार भरते दिखाई दिए। पुलिस व प्रशासन के ढुलमुल रवैये की पोल खुल गई। गुरुवार रात दस बजे से सुबह छह बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएन गोस्वामी व आरके पांडेय के नेतृत्व में एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव व यात्री कर अधिकारी योगेंद्र यादव ने अयोध्या हाईवे, मोहम्मदपुर चौकी के पास डग्गामार वाहनों की चेकिंग की। टीम ने अयोध्या हाईवे पर मोहम्मदपुर चौकी से लेकर टोल प्लाजा तक जगह-जगह चेकिंग की। बसों को रोककर परमिट की वैधता, बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, यात्रियों की संख्या आदि की जांच की। जांच के दौरान 68 बसों का चालान किया गया और चार बसें सीज कर दी गई।