बाराबंकी। जिले में कोरोना की पर्याप्त वैक्सीन न होने की वजह से शनिवार को कई बूथों पर दोपहर बाद टीकाकरण का काम ठप हो गया। इससे इन बूथों पर टीका लगवाने के लिए आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। जबकि विभाग का दावा है कि वैक्सीन की कमी होने के बावजूद 8640 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शनिवार को आई वैक्सीन की कमी से बूथों पर आए लोग बिना टीका लगवाए ही निराश होकर लौट गए। जिला अस्पताल, देवा, हरख, फतेहपुर, कुर्सी समेत कई बूथों पर टीका लगवाने आए लोगों को ये कहकर वापस कर दिया गया है कि वैक्सन खत्म हो चुकी है।
अब जब वैक्सीन आएगी तभी टीका लगाया जा सकेगा। इससे बूथों पर टीका लगवाने के लिए पहुंचे लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा। इस बाबत सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान का कहना है कि शनिवार को 8640 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया जो अन्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रहा। वैक्सीन की कमी की जानकारी मिलने पर टीम को और वैक्सीन लेने के लिए भेजा गया है।
चौथे दिन मिला एक कोरोना पॉजिटिव
देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में चौथे दिन एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सीएमओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद उक्त व्यक्ति को होम आइसोलेशन में रखा गया है और चिकित्सकों को इस पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।