बाराबंकी। फर्जी प्रपत्रों के सहारे नौकरी करने वाली एक और शिक्षिका को बीएसए ने बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वेतन कि रिकवरी के आदेश भी जारी किए गए हैं।
देवा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय केसरुवा में तैनात शिक्षिका साधना सिंह पुत्री डीपी सिंह पर फर्जी प्रपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है। जांच में इनके प्रपत्र फर्जी पाए जा चुके हैं और एसआईटी द्वारा जारी की गई सूची में भी इनका नाम क्रमांक 496 पर दर्ज है।
विभाग द्वारा इस संबंध में अपना पक्ष रखने के लिए इन्हें कई बार नोटिस भी जारी किया गया लेकिन इनके द्वारा अपना पक्ष नहीं रखा गया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया। इस पर बीएसए ने इन्हें बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है। इन्होंने वर्ष 2011 में श्रावस्ती जिले के प्राथमिक विद्यालय पसियनपुरवा में नौकरी हासिल की थी और वर्ष 2016 में कार्यमुक्त होकर जिले में आ गईं थीं।
तब से ये प्राथमिक विद्यालय केसरुवा में तैनात थीं। इस बाबत डीआईओएस/ प्रभारी बीएसए राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जांच में फर्जी प्रपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने वाली प्राथमिक विद्यालय केसरुवा में तैनात शिक्षिका साधना सिंह को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। इसके साथ ही इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वेतन की रिकवरी करने के आदेश भी दिए गए हैं। मालूम हो कि जिले में इससे पहले भी फर्जी प्रपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने वाले कई शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा चुकी है।