बाराबंकी। जिले में अभियान चलाकर प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। जिलाधिकारी के आदेश के बाद सीएमओ ने पूरी कार्ययोजना तैयार कर इसको अमली जामा पहनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। सुरक्षित बाराबंकी के तहत ये अभियान शुरू किया जा रहा है। 15 नवंबर तक सभी को कोरोना का टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिले में 18 प्लस वालों की संख्या करीब 24 लाख है। इनमें से अभी तक करीब 19 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। 5 लाख लोग ऐसे हैं जिन्हें कोरोना का टीका नहीं लगाया जा सका है। इसी को देखते हुए सुरक्षित बाराबंकी के तहत अभियान शुुरू किया जा रहा है। जिसके तहत प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस कार्य को पूरा करने की अवधि 15 नवंबर तक निर्धारित की गई है। इसका पूरा जिम्मा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह, डॉ. नितिन खन्ना और डॉ. उपांत को सौंपा गया है। इसके लिए जिले भर में 182 केंद्र बनाए जाएंगे।
इन केंद्रों के अंतर्गत आने वाले गांवों में अभियान चलाकर लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसको लेकर बनाई गई कार्ययोजना को अंतिम रूप देते हुए इसको अमल में लाए जाने का आदेश भी जारी कर दिया गया है। जिससे जो समय सीमा निर्धारित की गई है। उसके तहत लोगों का टीकाकरण किया जा सके।
तीन ब्लॉक अव्वल, तीन ब्लॉकों की प्रगति खराब
जिले के 15 ब्लॉकों में तीन ब्लॉकों की प्रगति सबसे अच्छी मिली है। इनमें निंदूरा में अब तक 75 प्रतिशत, पूरेडलई में 72 प्रतिशत और मसौली में 67 प्रतिशत लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। लेकिन जिन तीन ब्लॉकों की प्रगति सबसे खराब मिली है।
उनमें बंकी 51 प्रतिशत, फतेहपुर 49 प्रतिशत और हैदरगढ़ में 46 प्रतिशत लोगों को अभी तक टीके लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 9 ब्लॉकों की प्रगति सामान्य पाई गई है। इसके बाद भी सुरक्षित बाराबंकी अभियान को सभी ब्लॉकों में चलाए जाने का निर्णय लिया गया है।
दूसरी डोज लेने में रुचि नहीं दिखा रहे साढ़े चार लाख लोग
19 लाख लोगों में साढ़े चार लाख लोग ऐसे हैं जो कोरोना टीका की दूसरी डोज लगवाने में किसी प्रकार की रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इससे अभियान को वह सफलता नहीं मिल पा रही है जिसकी अपेक्षा की जा रही है। अभियान के तहत ऐसे लोगों को भी प्रोत्साहित कर उन्हें दूसरी डोज लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे लोगों से संपर्क कर उन्हें दूसरी डोज लगाने के लिए जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद जिले में सुरक्षित बाराबंकी अभियान की शुरूआत की जा रही है। इसके तहत 50 हजार लोगों को प्रतिदिन कोरोना का टीका लगाया जाना है। यह अभियान 15 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान सभी लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में सभी संबंधितों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ