बाराबंकी। कोरोना टीका लगवाने के लिए केंद्रों पर दिन ब दिन लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण केंद्रों पर आने वाले हर किसी को टीका नहीं लग पा रहा है जिससे लोग खासे परेशान हैं। वहीं विभाग भी वैक्सीन की कमी को दूर कर पाने में पूरी तरह से नाकाम है।
शनिवार को भी कोरोना का टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और रामसेवक इंटर कॉलेज के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते लोगों की लंबी लाइन लग गई। यहीं नहीं लोग पहले टीका लगवाने के लिए आपस में भी उलझ रहे थे। जिससे कई बार टीकाकरण का कार्य प्रभावित भी हुआ।
वहीं दोपहर बाद कई स्थानों पर वैक्सीन खत्म हो जाने के कारण घंटों लाइन में लगे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। इस बाबत जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह का कहना है कि टीकाकरण के लिए अब भारी संख्या में लोग केंद्रों पर आ रहे हैं। वैक्सीन की कमी को दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। (संवाद)