देवा (बाराबंकी)। देवा कोतवाली क्षेत्र मेंइस्माइलपुर के पास सोमवार की शाम जायरीनों से भरी बस व ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हो गए। इन घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। सभी मृतक व घायल लखनऊ के नगराम और निगोहा थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। जो देवा मेले में जियारत करने आ रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल तक चीख-पुकार मच गई।
देवा में हाजी वारिस अली शाह के पिता कुर्बान अली की याद में इनदिनों देवा मेला चल रहा है। सोमवार की शाम जायरीनों से भरी बस मेले से वापस देवरिया जा रही थी। वहीं लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र से जायरीनों को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली मेला स्थल पहुंचने वाली थी। इसी दौरान मेला स्थल से तीन किलोमीटर पहले देवा-बाराबंकी मार्ग पर इस्माइलपुर के पास दोनों की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी सीमा यादव मौके पर पहुंच गई। आननफानन हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र के मस्तीपुर टिकर निवासी दयालू और नगराम कस्बा निवासी सुभाष (50) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जबकि नगराम के समेेसी निवासी नन्हऊ, गोराखुर्द निवासी दिनेश सिंह, समेसी की नजमा बानो, नसीमुन, राम बहादुर, शुएब, कम्मू, रूपेश और शुभावती तथा नगराम के बरौली निवासी गुफरान, मुस्कान, अफरान व लोनीकटरा थाने के मंझूपुर के बिंद्रा प्रसाद को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर इन सभी का इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अलर्ट दिखा। आला अधिकारियों के जिला अस्पताल पहुुंचते ही घायलों का उपचार शुरू हो सका।
देवा मेले में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली व जायरीनों की बस की आमने-सामने टक्कर हो गई है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि घायल 14 लोगों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
-सीमा यादव, सीओ सिटी