प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत
नाराज परिवारीजनों को पुलिस ने समझा बुझाकर कराया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धौर (बाराबंकी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असंद्रा में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई । इस खबर से परिवारीजन भड़क उठे। लेकिन बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
असन्द्रा थाना क्षेत्र के डिगसरी गांव निवासी प्रवेश कुमार प्रसव पीड़ा होने पर अपनी पत्नी परमा देवी लगभग (23) को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असंद्रा पहुंचे। जहां प्रसूता को भर्ती कर लिया गया। रविवार की देर रात एएनएम सरिता द्वारा प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद बच्चे की मौत की सूचना दी गई। परिजन इससे संभलते कि रात में ही जच्चा की भी मौत हो गई। आरोप है कि मौत होने के बाद एएनएम ने उसे रेफर करने का पर्चा थमा दिया। जिससे साथ में आए तीमारदार भड़क उठे और एएनएम सरिता पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व पीड़ित के रिश्तेदार की मध्यस्थता से मामले को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया। पीड़ित परिवारीजन जच्चा-बच्चा का शव लेकर घर चले गए और अंतिम संस्कार भी कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. हरप्रीत सिंह ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। वहीं दूसरी ओर असंद्रा पुलिस सोमवार देर शाम तक तहरीर आने का इंतजार करती रही। लेकिन थाने तक कोई शिकायत लेकर नहीं पहुंचा। चर्चा है कि दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।