फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

1400 वाहनों के इंतजाम में छूटा पसीना, जाम से जूझा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले में मतदान कराने को लेकर अधिग्रहण किए गए वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराने में शुक्रवार को अधिकारियों को पसीना छूट गया। बसों की संख्या पूरी करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा। पूरे दिन अधिकारी बस स्वामियों से बात करते रहे।
विज्ञापन

भारी मशक्कतों के बाद आठ सौ की जगह 762 बसों और छह सौ छोटे वाहनों के सापेक्ष 520 वाहनों का इंतजाम हो सका। शेष बचे वाहनों का इंतजाम करने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी देर शाम तक जुटे रहे। अधिकारियों ने दावा किया है कि रात तक छोटे-बड़े सभी 1400 वाहनों का इंतजाम कर लिया जाएगा। वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते शुक्रवार को पूरे दिन शहर में लगे जाम से लोग परेशान रहे। देर शाम तक यह समस्या बनी हुई है।
इस बार पोलिंग पार्टियां शहर में तीन स्थानों जीआईसी मैदान, केडी सिंह बाबू स्टेडियम और नवीन सब्जी मंडी से रवाना की जाएंगी। इन्हीं स्थानों पर वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है। इनमें कुर्सी व हैदरगढ़ विधानसभा के लिए केडी सिंह बाबू स्टेडियम से, रामनगर, दरियाबाद व रुदौली (आंशिक) के लिए गोंडा रोड स्थित नवीन मंडी से तथा बाराबंकी व जैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए जीआईसी ऑडीटोरियम से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। जबकि मतदान के बाद शील्ड ईवीएम नवीन मंडी स्थल पर जमा कराई जाएंगी।
विज्ञापन

प्रशासन ने इसके लिए अस्थाई पार्किंग के लिए सीएमओ ऑफिस परिसर, नवीन मंडी के निकट परमेश्वर कोल्ड स्टोरेज व राजकीय इंटर कॉलेज परिसर को चिहिन्त किया है। शुक्रवार की सुुबह से इन स्थानों पर वाहनों को खड़ा कराने का क्रम जारी रहा।
एहतियात के तौर पर एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई थी। एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव कराने के लिए आठ सौ बड़े व छह सौ छोटे वाहनों की जरूरत है। वाहनों का आंकड़ा लगभग पूरा हो गया है। 38 बस व 80 छोटे वाहन का इंतजाम देरशाम तक कर लिया जाएगा।
इधर, शहर में लखनऊ-अयोध्या मुख्य मार्ग पर दो स्थानों केडी सिंह बाबू स्टेडियम और ऑडीटोरियम परिसर में चुनाव के लिए वाहनों को खड़ा कराया जा रहा था। इनको खड़ा कराने में मुख्य मार्ग पर जाम लगता रहा। वहीं कांवड़ियों का हुजूम भी इसी मार्ग से निकलता रहा। जाम के कारण लोग दूसरे रास्ते लाजपत नगर, निबलेट तिराहा, लखपेड़ाबाग, मुंशीगंज की गलियों से निकलने लगे तो वहां भी जाम लग गया।
पटेल तिराहा से लेकर नाका चौराहे पर वाहन जाम में घंटो फंसे रहे। इसी बीच एक पार्टी की रैली लखपेड़ाबाग होते हुई निकली तो स्थिति और खराब हो गई। जाम के चलते वाहन रेंगते हुए निकले। एक दल का रोड शो होने के कारण शहर के अंदर नागेश्वर नाथ मंदिर रोड पर जाम लग गया। शुक्रवार होने के कारण साप्ताहिक बाजार सट्टी बाजार में काफी भीड़ रही। पूरा शहर जाम से जूझता रहा। ट्रैफिक पुलिस को भी जाम हटाने में पसीना आ गया।
अव्यवस्थाओं पर भड़के चालक, किया प्रदर्शन
शहर स्थित प्रेक्षागृह के मैदान में वाहनों को खड़ा करने के लिए स्थल बनाया गया है। शुक्रवार सुबह से ही वाहन यहां पर खड़े किए जा रहे थे। वाहन खड़ा करने के बाद चालक इंट्री करने व कागज देने के लिए इधर से उधर भटकते रहे। इसी बीच चालक अव्यवस्था देख भड़क गए। सभी लोग नारेबाजी व प्रदर्शन करते सड़क पर आ गए।
चालकों का आरोप था कि हर बार की तरह वाहनों को बुला तो लिया गया था मगर पेयजल, नाश्ते, सैनिटाइजर व्यवस्था नहीं की गई थी। पुलिस के समझाने और व्यवस्था दुरुस्त करने के आश्वासन पर सभी शांत हुए। कई वाहन स्वामियों ने अपना दर्द बयां किया कि बीते दो वर्षों में कोरोना महामारी के दौरान कई निजी बस स्वामी खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रहे हैं। वाहनों पर बैंकों से लोन लिया है, वह इस दौरान ज्यादा प्रभावित भी हुए हैं। इसके बावजूद वाहन खड़ा करने के स्थल पर कोई सुविधा नहीं दी गई है।
बसों की कर्मी से जूझे यात्री, घंटो किया इंतजार
विधानसभा चुनाव में मतदान कर्मियों को ले जाने लाने के लिए लगाई गई बसों के कारण बस स्टैंड पर बसों में कमी आ गयी है। विधानसभा चुनाव में परिवहन विभाग की बसों को लगा दिया गया है। शुक्रवार को ही अधिकतर बसों को खड़ा कराए जाने से बस स्टैंड पर बसों की कमी रही। जिसके कारण यात्रियों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ा।
काफी लंबे इंतजार के बाद कोई बस स्टैंड पर आती है तो वह कुछ ही मिनट में खचाखच भर जाती रही। शहर के बस स्टैंड पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर परिवार संग यात्रा कर रहे लोग निजी वाहन से जा रहे लोगों से लिफ्ट मांगते दिखाई दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें