शहर के पटेल चौराहे पर बिना हेल्मेट के यातायात के नियमो का उल्लंघन कर रहे पुलिसकर्मी का चालान करते
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। दूसरों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने वाले पुलिसकर्मी खुद ही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि यातायात माह शुरू होने के चौथे दिन बुधवार को भी सड़क पर आम लोग व पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के ही बाइक से फर्राटा भरते नजर आए। वहीं टीएसआई ने शहर के विभिन्न चौराहों पर बैनर लगवाकर लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस कर्मियों समेत अन्य कई लोगों का चालान भी किया।
भले ही एक नवंबर से यातायात माह शुरू हो गया हो। डीएम व एसपी ने इसकी औपचारिक शुरूआत कर लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की हो। इसके बावजूद जनता और पुलिसकर्मी नियमों का पालन करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं। बुधवार को शहर की प्रमुख सड़कों पर बाइक चालक बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाए दिखे पर इस मामले में पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं दिखे। पुलिस वाले भी बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने में अपनी तौहीन समझते हैं। शहर के देवां तिराहा, नाका सतरिख, पल्हरी चौराहे आदि जगहों पर जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी वहां से लोग बिना हेलमेट व तीन सवार बाइक पर निकलते रहे लेकिन उन्हें टोका तक नहीं गया।
वाहनों का किया चालान
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी के निर्देश पर टीएसआई रितेश कुमार पांडेय द्वारा बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली के पीछे रिफ्लेक्टर टेप एवं वाहनों पर यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार हेतु स्टीकर व बैनर लगाए गए। स्पीड गन रडार के माध्यम से लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ओवर स्पीड में चल रहे वाहनों का चालान किया गया तथा उन्हें निर्धारित गति से चलने के लिए जागरूक भी किया गया। वहीं टीएसआई ने शहर में देवा तिराहे के पास बिना हेलमेट मिले एक पुलिसकर्मी का भी चालान किया।