घुंघटेर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार रात चोरों ने एक और किसान के घर को अपना निशाना बनाया। घर में घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी व जेवर समेत तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए। इसकी तहरीर पीड़ित ने घुंघटेर थाने में दी।
रसूलपुर गांव निवासी किसान श्रीराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम वह खेतों से काम करने के बाद घर पहुंचा। उसके बाद भोजन कर परिवार समेत बाहर के कमरे में सो गया। उसने पुलिस को बताया कि मुख्य गेट समेत उसके घर में दरवाजे नहीं लगे हैं। इसी का फायदा उठाकर घर में घुसे चोर पिछले कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ उसमें रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के गहने समेत कीमती बर्तन व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
भोर में घर की महिला जगी तो भीतर बिखरा पड़ा सामान देख परेशान हो गई। घर में ही बक्से का ताला टूटा पड़ा था तो उसमें रखी नकदी व जेवर गायब थे। सूचना पर मौके पर पहुंची घुंघटेर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)