कोठी (बाराबंकी)। असंद्रा थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला जारी है। शुक्रवार रात एक किसान के घर में घुसकर चोर हजारों की नकदी और अन्य कीमती सामान उठा ले गए।
पुलिस की निष्क्रियता के चलते क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। थाने के हल्का नंबर 2 में स्थित नाथूपुर गांव के धनीराम के मकान में घुसकर चोर 80 हजार की नकदी और अन्य कीमती सामान उठा ले गए। इसके अलावा घर के सामने रखी गुमटी का ताला तोड़कर चोर अंदर रखी करीब सात सौ की नकदी भी बटोर ले गए।
घटना के समय पूरा परिवार गहरी नींद में सोया था। शनिवार सुबह होने पर घटना की जानकारी हुई तो मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। अभी चंद दिनों पूर्व में चोरी की आधा दर्जन वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस इनमें से किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष असंद्रा शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिली है, घटना की जांच की जा रही है। (संवाद)