बाराबंकी। शहर के देवा तिराहे के समीप स्थित वन विभाग की बेशकीमती भूमि की पैमाइश रविवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व वाली राजस्व व पुलिस टीम ने की। अब टीम अपनी रिपोर्ट एसडीएम न्यायालय में दाखिल करेगी। जिसके बाद वास्तविक भूमि पर किसका स्वामित्व होगा, यह तय किया जाएगा।
बस स्टेशन के सामने वन विभाग की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जेदारों ने अपना स्वामित्व स्थापित कर रखा था। इसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, कई बार इस भूमि की पैमाइश हुई। मगर, पुलिस व राजस्व विभाग की खाऊ-कमाऊ नीति के कारण इसका हल नहीं निकला। कई बार तो राजस्व न्यायालयों के आदेश ने ही मामले को और उलझाऊ बना दिया।
हालांकि एसडीएम के न्यायालय पर लंबित वाद के क्रम में रविवार को एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक व लेखपाल की टीम गठित कर पैमाइश कराई। पैमाइश करने गई टीम की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम न्यायालय पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि वन विभाग की भूमि विवाद का मामला न्यायालय में चल रहा है। इसको लेकर टीम गठित कर पैमाइश कराई गई है। टीम के द्वारा पैमाइश रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद कोर्ट की आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)