साईं पीजी कॉलेज में आयोजित अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिता में विजेता
फतेहपुर। साईं पीजी कॉलेज में आयोजित अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिता में उर्मिला महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता। अवध विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोजित प्रतियोगिता में कई महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में उर्मिला देवी महाविद्यालय, अयोध्या और अवध विश्वविद्यालय की टीमें आमने-सामने थीं। इससे पूर्व, उर्मिला देवी महाविद्यालय ने साईं पीजी कॉलेज को एक कड़े मुकाबले में 15-13 से हराया था। अंतिम मैच में भी उर्मिला देवी महाविद्यालय ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखा और अवध विश्वविद्यालय को पराजित कर महिला वर्ग में विजेता का ताज अपने नाम किया। अवध विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में भी उर्मिला महाविद्यालय ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। साईं महाविद्यालय ने रामनगर पीजी कॉलेज को 13-7 के अंतर से हराकर मुकाबले में बढ़त बनाई थी।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला उर्मिला महाविद्यालय और अवध विश्वविद्यालय कैंपस के बीच खेला गया, जिसमें उर्मिला महाविद्यालय ने विजय हासिल की और अवध विश्वविद्यालय को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। महाविद्यालय के प्रबंधक विपिन राठौर ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश शुक्ला, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पर्यवेक्षक डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. शिवकरन सिंह और डॉ. अनुराग पांडे ने विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया।