हरख/सतरिख (बाराबंकी)। सतरिख थाना क्षेत्र के भिटौली कला गांव में मंगलवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
गांव के पवन कुमार की पत्नी सुमन (24) का शव सुबह घर में बने उसी के कमरे में संदिग्ध दशा में साड़ी के फंदे लटका पाया गया। ससुरालियों ने मायके पक्ष को इसकी सूचना दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिवारीजनों के बयान दर्ज किए।
सुमन का मायका लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में है। एक साल पहले ही उसका विवाह हुआ था। परिवारीजनों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी गई है। मां माधुरी देवी की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति पवन कुमार व सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
हिंद मेडिकल कॉलेज की छात्रा ने की खुदकुशी
महादेवा। नर्सिंग की छात्रा ने का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस के अनुसार छात्रा ने डिप्रेशन में फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल की है।
बुढ़वल रेलवे स्टेशन के निकट रहने वाले शिक्षक इंदुनाथ मौर्या की पुत्री नीलम (23) सफेेदाबाद के हिंद मेडिकल कॉलेज की छात्रा थी। सोमवार देर रात जब परिवारीजनों ने उसके कमरे का दरवाजा बंद देखा तो खटखटाया। लेकिन दरवाजा नहीं खुला। आशंका होने पर परिवारीजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर अवाक रह गए।
अंदर फंदे से नीलम का शव लटक रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों से बयान लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रामनगर के थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि छात्रा ने आत्महत्या की थी। जांच में पता चला है कि वह पढ़ाई को लेकर डिप्रेशन में थी। संवाद