रामसनेहीघाट/मसौली। स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग द्वारा खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसके मुख्य अतिथि विधायक सतीशचंद्र शर्मा ने 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग का शुभारंभ किया। इसमें प्रथम स्थान पूनम कुमारी, द्वितीय स्थान क्षमा पांडेय और तृतीय स्थान चंद्र ने प्राप्त किया। बालिका वर्ग 1500 मीटर दौड़ में दिया ने प्रथम स्थान और लक्ष्मी चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में चंद्र मोहन यादव प्रथम और अवधेश यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 3000 मीटर दौड़ बालक वर्ग में अमन वर्मा प्रथम और प्रभात यादव द्वितीय रहे। इसी प्रकार कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम मेडुवा और उप विजेता टीम धरौली रही।
गोला फेंक बालिका वर्ग में दिया ने प्रथम और लक्ष्मी चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विजयी प्रतिभागियों को जवाहरलाल वर्मा प्रबंधक पटेल इंटर कॉलेज व महाविद्यालय द्वारा पुरस्कार वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ यादव द्वारा किया गया।
उधर, रामनगर के महादेवा ऑडीटोरियम में भी ब्लॉक स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता हुई। इसमें सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े खेल मैदानों से निकलकर प्रतिभाएं देश का नाम रोशन कर रही हैं। युवा कल्याण अधिकारी सुनील यादव ने बताया कि कबड्डी में 24 और वॉलीबाल में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस मौके पर बीडीओ अमित त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
कल होगी खेलकूद प्रतियोगिता
मसौली/घुंघटेर। जिला योजना के तत्वावधान में 24 सितंबर को रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज मसौली में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता होगी। इसमें विद्यालय के खिलाड़ी और ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। खेलकूद में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सुबह 8 बजे कॉलेज में पहुंचना होगा।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी स्मृद्धि यादव ने बताया कि बीडीओ डॉ. संस्कृता मिश्रा व बीईओ राजेंद्र कुमार ने आयोजन के लिए अनुमति दे दी है। उधर, घुंघटेर में भी जिला योजना अंतर्गत वर्ष 2021-22 की खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता 24 को जीआईसी निंदूरा में होगी। यह जानकारी बीडीओ मुनेश चंद्र ने दी।
उन्होंने बताया कि खेलकूद में पुरुष व महिला वर्ग की एथलेटिक्स, कबड्डी की प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें इच्छुक खेल संघों, विद्यालयों के खिलाड़ी तथा ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी उक्त मैदान में प्रात: 8 बजे उपस्थित हो जाएं। इसके लिए प्रतियोगिता स्थान पर ही रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। प्रतिभागियों का ग्रामीण क्षेत्र का निवासी होने के साथ ही आधार कार्ड होना अनिवार्य है। (संवाद)