दरियाबाद (बाराबंकी)। क्षेत्र में अमृत सरोवर योजना के तहत जल संरक्षण के उद्देश्य से तालाबों को संवारने का काम शुरू हो गया है। ब्लॉक में छह अमृत सरोवरों को स्वीकृति मिली है जिनमें से तीन सरोवरों पर काम चल रहा है। इसे वर्षा जल से भरा जाएगा। साथ ही हरियाली के लिए इसके आसपास नीम व बरगद सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
अद्रा ग्राम पंचायत में कैप्टन मनोज पांडेय के नाम से अमृत सरोवर तालाब विकसित होगा। यहां सरोवर की खोदाई शुरू हो गई है। अब तक दो तरफ की खोदाई हो चुकी है। खोदाई के काम में 30 मनरेगा मजदूर लगे हैं। तालाब को वर्षा के पानी से ही भरा जाएगा। इसमें बाहर से पानी आने का अन्य कोई स्रोत नहीं है।
वहीं ग्राम पंचायत कमोली में बाबा गोसाई दास के नाम से अमृत सरोवर तालाब का चयन किया गया है। इसके पानी को पंपिंग सेट लगाकर खाली कराया गया। इसकी खोदाई में 85 मनरेगा मजदूर लगे हैं जो तालाब से मिट्टी निकालकर बंधे को बना रहे हैं।
ग्राम पंचायत जमीना में कारगिल अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के नाम से अमृत सरोवर का चयन किया गया है। यहां सरोवर खोदाई का काम शुरू है। तालाब से निकली मिट्टी से बंधा बनाया जा रहा है। वहीं सेमोर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के नाम से स्वीकृति के बाद अमृत सरोवर पर काम जल्द शुरू होगा। कोटवाधाम ग्राम पंचायत में समर्थ श्री जगजीवन दास अघरण के नाम से अमृत सरोवर की स्वीकृति के बाद काम जल्द शुरू होगा।
ग्राम पंचायत किला बेलहरी में भी अमृत सरोवर तालाब के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। सारी प्रक्रिया के बाद वहां भी काम शुरू होगा। तालाबों के किनारे पथ-वे से लेकर वायर फेसिंग, अमृत गेट व एक तरफ सीढ़ी का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा आरसीसी बेंच, रेन वाटर चेंबर के साथ चबूतरे का भी निर्माण कराया जाएगा। इन सभी अमृत सरोवरों का निर्माण मनरेगा से होगा।
छह अमृत सरोवरों को स्वीकृति मिल गई है जिसमें तीन जगहों पर काम चल रहा है। ग्राम पंचायत सेमोर व कोटवाधाम में जल्द काम शुरू हो जाएगा। किला बेलहरी ग्राम पंचायत में भी स्वीकृति मिल गई है, वहां भी जल्द काम शुरू करवाया जाएगा। विकास खंड में 15 नए अमृत सरोवर और बनाने की स्वीकृति शासन से मिल गई है।
- शिव बहादुर सिंह, बीडीओ