कोटवाधाम (बाराबंकी)। नेपाल द्वारा तीन लाख क्यूसेक पानी और सरयू नदी में छोड़े जाने से तराई के हालात और ज्यादा खराब होंगे इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि नदी का पानी अभी भी खतरे के निशान से 30 सेंमी ऊपर बह रहा है। जबकि एक दर्जन गांवों में पूरी तरह से पानी भर चुका है और तीन दर्जन से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विधायक ने बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और उनमें राहत सामग्री का वितरण किया।
एल्गिन ब्रिज पर बने कंट्रोल रूम के अनुसार सरयू का पानी खतरे के निशान से 30 सेंमी ऊपर बह रहा है। जबकि नेपाल ने दो बार में करीब तीन लाख क्यूसेक पानी बृहस्पतिवार को और नदी में छोड़ा है जिसके शुक्रवार तक क्षेत्र में पहुंचने के आसार हैं। इससे तराई के हालात और खराब होंगे, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है।
वहीं क्षेत्र के टेपरा, बघौली पुरवा, सरायसुर्जन, गोबरहा, सनावा भयकपुरवा, कहरानपुरवा, माझा, नव्वनपुरवा, परसवाल, रायपुर, बाबूरी, सरदाहा आदि गांव नदी के पानी से पूरी तरह से घिरे हुए हैं। इन गांव के लोग बांध पर व अन्य सुरक्षित जगह पर तिरपाल तान कर जीवनयापन कर रहे हैं। गांव को जाने वाली सड़कें अभी भी जलमग्न हैं और उन मार्गों पर डूबने भर का पानी भरा हुआ है।
ऐसे में यहां के लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। वहीं गोबरहा व बसंतपुर गांव के पास कटान तेज हो जाने से लोगों में हड़कंप मच गया है। लोगों की खेती योग्य जमीन व मकान नदी में कटते जा रहे हैं। गांव निवासी विनोद, लेखराज, मनोहर, उमेश, हरि आदि के मकान नदी के कटान के मुहाने पर आ गए हैं।
इस बाबत एसडीएम सिरौलीगौसपुर सुरेन्द्र पाल विश्वकर्मा ने बताया कि गांव से पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। कटान वाले क्षेत्र के लिए बाढ़ खंड को सूचित किया गया है। बांध पर रह रहे लोगों को राहत सामग्री का वितरण शुरू करा दिया गया है।
विधायक ने बांटी राहत सामग्री
सिरौलीगौसपुर के बाढ़ प्रभावित गांव में राहत सामग्री न बंटने की खबर अमर उजाला में छपने के बाद बृहस्पतिवार को विधायक रामनगर शरद कुमार अवस्थी ने बाढ़ राहत केंद्र कोटवाधाम में टेपरा के 141 परिवार व बघौलीपुरवा के 61 परिवार को राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान तिरपाल और मछरदानी भी सभी को बांटी गई। इस मौके पर तहसीलदार शशि कुमार, राजस्व निरीक्षक राकेश तिवारी, अजय रावत, अवधेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
तटबंध व सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे लोग
सूरतगंज। ब्लॉक के हेतमापुर, जमका, खुज्जी, बल्लोपुर प्रथम, बबुरी, सुंदरनगर, ललपुरवा, कोडरी, कचनापुर, बलाईपुर, सकतापुर, मदरहा, बाबा पुरवा, बबुरी आदि गांव बाढ़ की चपेट हैं। इन गांवों के लोग तटबंध व सुरक्षित स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। बृहस्पतिवार को बाढ़ से प्रभावित डिहुवा, मदरहा, सांई तकिया, कोयली पुरवा, सकतापुर आदि गांवों के 420 लोगों को पंडित पुरवा गांव में नायब तहसीलदार आकाश संत ने राहत सामग्री वितरित की।