रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मोहम्मदपुर कीरत गांव के पास बाइक सवार व कार को बचाने की कोशिश में एक ट्रेलर असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। इस हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पशु आहार की बोरियां सड़क पर फैल गई। इससे करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बाराबंकी की ओर से पशु आहार लेकर जा रहे एक ट्रेलर के सामने अचानक एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के कारण ट्रेलर के चालक को ब्रेक मारना पड़ा। इससे ट्रेलर असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद पशु आहार सड़क पर फैल गया।
इस बीच बाइक को टक्कर मारने वाली कार तेजी से निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पशु आहार की बोरियां सड़क से अलग करवायी। घायल बाइक सवार दरियाबाद निवासी पवन कुमार (32) को सीएचसी भेजा गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डिवाइडर से टकराया मौरंग लदा डंपर, टला बड़ा हादसा
सफेदाबाद। रविवार की देर रात एक मौरंग लदा डंपर हाईवे पर डिवाइडर में जा टकराया। इससे कई मीटर डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मामला नगर कोतवाली अंतर्गत अयोध्या हाईवे के सफेदाबाद चौराहे का है। रविवार की देर रात हमीरपुर से मौरंग लादकर एक डंपर गोंडा जा रहा था।
उसके चालक गोविंद ने बताया कि सफेदाबाद चौराहे के पास अचानक एक रोडवेज बस उसको गलत तरीके से ओवरटेक करके उसके आगे सवारी उतारने के लिए खड़ी हो गयी। बस को बचाने के प्रयास में उसका नियंत्रण खो गया और वह डिवाइडर में जा घुसा। यह हादसा होते ही बस चालक बस लेकर फरार हो गया।
इस हादसे में कई मीटर डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर चालक का कहना था कि यदि वह अपने वाहन को डिवाइडर पर न चढ़ाता तो डंपर बस से टकरा जाता और एक बड़ा हादसा हो जाता। अब मौरंग को दूसरे डंपर में लादकर दुर्घटनाग्रस्त डंपर को निकाला जा रहा है। संवाद