रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने आननफानन उसे सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा सोमवार की देर रात अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बड़ेला, नारायणपुर गांव के पास हुआ। थाना क्षेत्र के पूरे निहोरे गांव निवासी रंजीत (25) हाईवे पर स्थित एक ढाबे के सामने अंडे की दुकान लगाकर परिवार का पालनपोषण करता था। हमेशा की तरह सोमवार की देर रात वह दुकान बंद कर अपने घर पैदल जा रहा था।
हाईवे पार करते समय अयोध्या की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से वह काफी दूर जा गिरा। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। लेकिन तब तक वाहन निकल गया। घायल रंजीत को सीएचसी बनीकोडर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। रंजीत का विवाह दो साल पहले हुआ था और उसके एक साल की मासूम बेटी है। (संवाद)