हैदरगढ़ (बाराबंकी)। सुल्तानपुर हाईवे पर लखनऊ की ओर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पटरी से जा रहे एक युवक को रौंदते हुए खड्ड में गिर गई। इस हादसे में युवक सहित बस में सवार तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां से गंभीर घायल अवस्था में दो को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। चलती बस में चालक बदलने के दौरान हादसा हुआ है।
परिवहन निगम के हैदरगढ़ डिपो की एक बस शनिवार देर शाम को सुल्तानपुर से लखनऊ जा रही थी। फोरलेन हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के गोसूपुर खरसतिया के बीच तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर किनारे लगी रेलिंग को तोड़ती हुई खड्ड में चली गई। इस दौरान पटरी से होकर जा रहे गोसूपुर गांव का विकास बस की चपेट में आकर घायल हो गया। जबकि बस में सवार संदीप निवासी पूरे बहादुर मजरे दौलतपुर थाना कमरौली जिला अमेठी और मनोज कुमार निवासी नंदपुरवा थाना बलदेव जिला सुल्तानपुर घायल हुए हैं।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी को सीएचसी पहुंचाया जहां से विकास को तत्काल गंभीर अवस्था में लखनऊ भेजा गया है। संदीप को भी गंभीर हालत में रेफर किया गया है। यात्रियों ने बताया कि बस में दो चालक थे और तेज गति की बस में चालक सीट पर अदला बदली करने से बस अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी है।
परिचालक रायबरेली थाना लालगंज के जोहवा हिसार निवासी राजेश ने बताया कि बस में कुल 42 सवारियां बैठी थीं। मौके पर पहुंचे सीओ नवीन कुमार सिंह ने बताया दो यात्रियों व एक पैदल जा रहा युवक घायल हुआ है। बस चालक मौके से भाग गए हैं। घायलों को अस्पताल भेज अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से गंतव्य के लिए भेजा गया है।
बेकाबू वाहन की टक्कर से युवक की सांसें थमीं
कुर्सी। क्षेत्र के ग्राम खरिहानी निवासी राम-लखन यादव (45) शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर निंदूरा गांव के निकट एक बेकाबू वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस घायल युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गई, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। ओदार चौकी इंचार्ज राममूर्ति कनौजिया का कहना है कि घायल को जिला अस्पताल भेजा गया था जहां पर उसकी मौत होने की सूचना मिली है। परिवारीजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
सड़क हादसे में दो युवक घायल
टिकैतनगर। टिकैतनगर-कोटवाधाम मार्ग पर दुल्हादेपुर गांव के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे बाइक सवार दो युवकों को किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। सड़क पर पड़े घायलों की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। (संवाद)