रामनगर (बाराबंकी)। बाराबंकी से फतेहपुर की ओर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर दुकान के टिनशेड में जा घुसा। इसी बीच टैंकर की चपेट में आकर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इस हादसे के चलते आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया व भीड़ भी जमा हो गई।
यह हादसा सोमवार सुबह रामनगर थाने के बुढ़वल चौराहे के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक टैंकर बाराबंकी की ओर से आकर फतेहपुर जा रहा था। इसी बीच बुढ़वल चौराहे पर टैंकर चालक फतेहपुर की ओर टैंकर मोड़ते समय संतुलन खो बैठा और टैंकर एक दुकान का टिनशेड तोड़ते हुए उसमें जा घुसा।
इसी दौरान अपने घर से रामनगर जा रहा एक बाइक सवार युवक टैंकर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा हादसे में घायल हुए युवक की पहचान ग्राम देवसानी निवासी शिवम सिंह (27) के रूप में की। आसपास के लोग उसे सीएचसी रामनगर ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज ने बताया कि टैंकर चालक का पता लगाया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।