बाराबंकी। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं आरक्षी पीएसी के पदों पर सीधी भर्ती अक्टूबर-2018 के अंतर्गत चयनित 18,217 अभ्यर्थियों के चिकित्सा परीक्षा एवं चरित्र सत्यापन का काम शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को 10 वीं वाहिनी को आवंटित 718 अभ्यर्थियों में से 100 अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षा के लिए बुलाया गया था। जिनमें 92 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए।
दो दिन से चल रहे इस कार्य में चौदह अभ्यर्थी असफल घोषित किए गए है। सेनानायक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिदिन 100-100 अभ्यर्थी बुलाए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को 100 अभ्यर्थी बुलाये गए थे, लेकिन 92 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। सभी का डॉक्यूमेंट और फोटो का सत्यापन किया गया। इसके बाद डॉक्टरों के पैनल ने शारीरिक मानकों की जांच की, जिसमें 85 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए। बीते दिन बुधवार को हुए चिकित्सा परीक्षा में 100 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था ,जिनमें 91 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे जिसमें 84 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए।
सेनानायक सुनील कुमार सिंह बताया कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से की जा रही है। यदि किसी भी अभ्यर्थी से चिकित्सा परीक्षा में सफल करवाने के नाम पर किसी भी चिकित्सक या वाहिनी के किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी से पैसों की मांग की जा रही हो तो वह तत्काल अवगत कराये। भर्ती योग्यता के आधार पर की जा रही है, किसी के बहकावे या प्रलोभन में न आये। (संवाद)