बाराबंकी। मानदेय न मिलने से नाराज मीटर रीडर्स ने बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मानदेय व तय सुविधा दिलाने की मांग की। देर शाम अधिशासी अभियंता ने मीटर रीडर से वार्ता की और मीटर रीडर ने कार्य पर वापस लौटने का आश्वासन दिया है।
मीटर रीडर्स ने अधीक्षण अभियंता को सौंपे पत्र में बताया है कि कंपनी द्वारा 1650 बिल बनाने पर 8650 रुपये मिलते थे और 1650 बिल के ऊपर बनाने पर चार रुपये प्रति बिल अलग से मिलता था। जिसमें प्रोब बिल बनाना शामिल नहीं था। कंपनी द्वारा अब तीन रुपये प्रति बिल मानदेय दिया जा रहा है। जिसमें प्रोब बिलिंग एवं ट्रांसफार्मर (फीडर) वाइज बिलिंग कराई जा रही है।
फीडर वाइज कनेक्शन नोट कराया जा रहा है जो तीन रुपये बिल में संभव नहीं है। प्रिंटर खराब होने पर मीटर रीडर को ही बनवाना पड़ता है। जिससे मीटर रीडर को काफी नुकसान हो रहा है। विपिन कुमार, आशीष कुमार, अमित कुमार वर्मा, रामेंद्र, शिवराम वर्मा, सुनील, शैलेंद्र आदि मीटर रीडर का कहना है कि जब तक तय मानदेय नहीं दिलाया जाएगा तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
मीटर रीडर के कार्य न करने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल नहीं बन पा रहे हैं। इस बाबत पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता आरके मिश्र का कहना है कि वार्ता हो गई है, उनकी समस्या का निराकरण करा दिया गया है। शुक्रवार से सभी मीटर रीडर कार्य करेंगे।