बाराबंकी। एक छात्रा को झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। यही नहीं आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। वहीं धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक युवती क्षेत्र के एक कॉलेज में स्नातक की छात्रा है। उसका आरोप है कि ग्राम सिपाहिया निवासी साहेब आलम उससे कॉलेज आने जाने के दौरान रास्ते में छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि करीब दो साल पहले आरोपी युवक ने उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और एक खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के साथ ही अश्लील वीडियो बना लिया।
इसके बाद यह आरोपी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता के साथ लगातार यौन शोषण कर रहा है। पीड़िता का आरोप है कि बीते 20 जुलाई को आरोपी युवक ने उसे फोन कर एक मंदिर के पास बुलाया और कहा कि 13 अगस्त को उसके घर आऊंगा और धर्म परिवर्तन करवाकर विवाह करूंगा।
धर्म परिवर्तन कर विवाह न करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी 13 अगस्त को पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों से विवाद किया। जब मामला बढ़ने लगा तो वह भाग निकला। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धारा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।