बाराबंकी। गुरुवार को लगातार हो रही बारिश के चलते बाराबंकी रेलवे स्टेशन के निकट डूब गई पटरियां।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। पटरंगा रेलवे स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार को साबरमती एक्सप्रेस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। इसके चलते अयोध्या मार्ग पर करीब चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। कई ट्रेनों के आवागमन में भी फेरबदल हुआ व ट्रेनें लेट हुईं।
रेलवे की की माने तो ट्रेन नंबर 9167 दरियाबाद स्टेशन से दोपहर 2 बजकर 57 मिनट पर अयोध्या के लिए रवाना हुई। लेकिन बारिश व तेज हवा के चलते रेलवे स्टेशन पटरंगा से पहले ही ट्रेन पर एक पेड़ गिरा। पेड़ इंजन से टकराया। इससे इंजन के आगे लगा काऊ कैटल क्षतिग्रस्त हुआ। पायलट ने ट्रेन रोककर पटरंगा स्टेशन व दरियाबाद समेत कंट्रोल रूम को सूचना दी।
इसके बाद रेलवे कर्मियों ने ट्रैक पर गिरे पेड़ को हटाया। करीब चार घंटे का वक्त लगा। इस दौरान रेल यातायात बाधित रहा। स्टेशन अधीक्षक दरियाबाद पीयूष वर्मा ने बताया कि इंजन से पेड़ टकराया था। जिसके कारण ट्रेन खड़ी हो गई थी।
ट्रैक से पेड़ों को हटाने के बाद ट्रेन शाम को 6 बजकर 55 मिनट पर रवाना हो सकी है। वहीं अयोध्या की तरफ रेलवे ट्रैक पर कई पेड़ों के गिरने की सूचना है। पेड़ों को हटाया जा रहा है। ट्रेन आवागमन काफी देर तक प्रभावित रहा। (संवाद)