बाराबंकी। आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए अभियान के तहत जिले की 27 दुकानों पर छापा मारा गया। विभाग की इस कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई जगह पर गंदगी आदि पाए जाने पर सेल्समैनों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि शासन के आदेश पर बृहस्पतिवार को चलाए गए अभियान के तहत जिले की 27 दुकानों की जांच की गई। सभी तहसीलों में तैनात आबकारी निरीक्षकों ने शराब की दुकानों की जांच की। नवाबगंज तहसील में तैनात आबकारी निरीक्षक राम श्याम त्रिपाठी ने सफदरगंज, सैदपुर समेत करीब आधा दर्जन दुकानों की जांच की।
इस दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई आदि नहीं पाए जाने पर सेल्समैनों को नियमित साफ-सफाई कराए जाने के आदेश दिए गए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि सभी तहसीलों में आबकारी निरीक्षकों ने 27 दुकानों की जांच की है। सभी की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यदि कहीं पर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी आदि की रिपोर्ट मिलती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)