फतेहपुर (बाराबंकी)। साप्ताहिक बंदी के बावजूद खुल रही दुकानों को लेकर श्रम विभाग सक्रिय हो गया। बंदी के बाद भी दुकानें खुली मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसको लेकर बुधवार को श्रम विभाग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ छापा मारा और दुकानें खुली मिलने पर दुकानदारों को हिदायत दी।
कस्बा फतेहपुर में बुधवार को साप्ताहिक बंदी घोषित होने के बावजूद भी कई दुकानदारों द्वारा मनमाने तरीके से दुकान खोली जा रहीं थीं। जिसके कारण अन्य व्यापारियों को काफी दिक्कतें होती थी। इसकी शिकायत जिलाधिकारी कार्यालय में की गई थी। इस पर बुधवार को डीएम के निर्देश पर जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी यशवीर सिंह ने कोतवाली पुलिस टीम के साथ कई दुकानों पर छापा मारा।
इस दौरान खुली मिली दुकानों के दुकानदारों को हिदायत दी गई कि अगर बंदी के दिन दुकानें खुली मिली तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन नहीं कराए जाने का मामला संज्ञान में आने पर उन्हें भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस मौके पर कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।