बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची तैयार करने की तैयारी जोरों पर चल रही है। पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को होगा। पुनरीक्षण के दौरान 53 हजार से अधिक नए मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। जबकि मृतक और गांव छोड़कर जाने वाले लगभग 19 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। साल 2015 के पंचायत चुनाव में 21 लाख से अधिक मतदाता शामिल थे।
राज्य निर्वाचन द्वारा निर्धारित तिथि 22 जनवरी को पंचायत की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाना है। इसको लेकर कलेक्ट्रेट स्थित पंचायत के निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूची की फीडिंग का कार्य अंतिम दौर में हैं। बुधवार को अवकाश होने के बाद भी पंचायत के निर्वाचन कार्यालय में कर्मचारी जुुटे रहे। अब तक हुई फीडिंग में 15 ब्लॉकों में 53 हजार 37 नए नाम जहां मतदाता सूची में शामिल हुए हैं।
वहीं मृतक के साथ गांव छोड़ने और दो स्थानों पर नाम होने की दशा में ऐसे 18 हजार 980 लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। हालांकि इनकी संख्या में अभी बदलाव हो सकता है। पिछले बार 2015 में हुए पंचायत चुनाव की बात करें तो उस समय जिले के 1166 ग्राम पंचायतों में हुए चुनाव में 21 लाख 44 हजार 555 मतदाता शामिल थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कुल मतदाताओं में कुछ हद तक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
ब्लॉक- बढ़े वोटर- हटे वोटर
रामनगर- 2979- 2046
सूरतगंज- 4171- 2153
फतेहपुर- 4003- 743
निंदूरा- 4820- 1809
मसौली- 2654- 296
बंकी- 2910- 687
देवा- 3136- 979
हरख- 3355- 965
दरियाबाद- 3205-1985
बनीकोडर- 3744- 1558
पूरेडलई- 2422-1726
हैदरगढ़- 3247- 445
त्रिवेदीगंज- 3487-704
सिद्धौर- 5566- 1272
सि.गौसपुर- 3338-1612
------------------------------
कुल 53037- 18980
------------------------------
मतदाता सूची की फीडिंग कराई जा रही है। 22 जनवरी को प्रकाशन होगा। अब तक 53 हजार नए नाम शामिल किए गए हैं।
-डॉ. राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी