बाराबंकी। आगामी 12 अगस्त तक तक चलने वाले आरक्षी नागरिक पुलिस और आरक्षी पीएसी के पदों पर सीधी भर्ती अक्टूबर-2018 का काम 10वीं वाहिनी पीएसी में सोमवार को भी जारी रहा। इसके तहत आरक्षी पीएसी के पद पर भर्ती के लिए चयनित 18,217 अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा एवं चरित्र सत्यापन के क्रम में वाहिनी को आवंटित 718 अभ्यर्थियों में से 100 अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें 89 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 11 अनुपस्थित रहे।
सेनानायक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सा परीक्षा के लिए उपस्थित सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेज और फोटो का सत्यापन किया गया। इसके बाद डॉक्टरों के पैनल ने लम्बाई, सीना, आंख, पैर समेत बीमारियों की जांच की गई। इसमें 87 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए व विभिन्न कारणों से डॉक्टरों ने दो अभ्यर्थियों को असफल घोषित कर दिया।
सेनानायक द्वारा चिकित्सा परीक्षा स्थल के भ्रमण के दौरान अभ्यर्थियों को सम्बोधित करते हुए बताया गया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णत: निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से की जा रही है, चिकित्सा परीक्षा पूर्णत: योग्यता के आधार पर की जा रही है। किसी के बहकावे या प्रलोभन में न आएं। (संवाद)