बाराबंकी। पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद रविवार को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रधान पद के तीन और ग्राम पंचायत सदस्य के 122 पदों पर नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसे लेकर संबंधित आरओ और एआरओ को निर्देशित कर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
जिले के सिरौलीगौसपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत तारापुर गुुमान और मरकामऊ तथा बनीकोडर ब्लॉक के सादुल्लापुर ग्राम पंचायत में रिक्त प्रधान पद के लिए उपचुनाव होना है। इसको लेकर कल यानी 12 दिसंबर को संबंधित ब्लॉकों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।
अगले दिन 13 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तो 14 दिसंबर की सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारों के नाम वापसी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। 20 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा जबकि 21 दिसंबर को सुबह 8 बजे कार्य समाप्ति तक मतगणना की जाएगी।
प्रधान की तीन सीटों पर 13 ने खरीदे पर्चे
सिरौलीगौसपुर ब्लॉक की दो रिक्त ग्राम पंचायतों में होने वाले उपचुनाव में कुल 11 पर्चों की बिक्री की गई है। पर्चा बिक्री के अंतिम दिन मरकामऊ ग्राम पंचायत के पांच दावेदारों ने प्रधान पद के लिए पर्चे खरीदे हैं। वहीं तारापुर गुमान ग्राम पंचायत के छह उम्मीदवारों ने प्रधान पद के लिए पर्चे की खरीदारी की है। इसके अतिरिक्त पंचायत सदस्य पद के लिए ग्राम पंचायत रसूलपुर और भैसुरिया के एक उम्मीदवार ने पर्चा खरीदा है। इस प्रकार से दोनों ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।