फतेहपुर (बाराबंकी)। एटीएम से रुपये निकालकर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को सामने से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्यीपुर निवासी मोहम्मद साहिल (22) शुक्रवार की सुबह बाइक से रुपये निकलने के लिए फतेहपुर आया था। रुपये निकालकर वह घर वापस जा रहा था। बेलहरा मार्ग पर सांई डिग्री कॉलेज के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी और सड़क पर गिरे बाइक सवार युवक को ट्रक रौंदता हुआ निकल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक व चालक को राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साली घायल
जहांगीराबाद/कोटवासडक। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साली गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जीजा की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। यह हादसा शुक्रवार को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के हाजिरपुर गांव के पास हुआ।
कुर्सी थाना क्षेत्र के सरैय्या निवासी रिंकू रावत थाना क्षेत्र के खरिहानी स्थित ससुराल से अपनी साली रिंकल को लेकर उसके मामा के घर फतेहपुर के फतहापुर गांव छोड़ने बाइक से जा रहा था। रास्ते में सद्दीपुर के पास शराब ठेके पर रुका था। जहां से शराब ली। उसके बाद आगे का सफर शुरू किया। कुछ दूर चलने के बाद ही थाना क्षेत्र के हाजिरपुर के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक सवार जीजा-साली सड़क पर गिर गए। जिससे रिंकू को गंभीर चोटें आईं जबकि साली रिंकल भी घायल हुई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। उधर, कोटवासड़क क्षेत्र के पूरेेचुरई मजरे कोटवा सड़क निवासी रामदीन साइकिल से ज्वालामुखी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी बनीकोडर ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उसे लखनऊ भेजा गया है। (संवाद)