बाराबंकी। वैवाहिक समारोह में टेंट का सामान उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य झुलस गया। उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह हादसा सतरिख थाना क्षेत्र के बबूरिहा मजरे जैनाबाद गांव में हुआ। यहां के निवासी चंद्रशेखर की बेटी का विवाह शुक्रवार को होना है। इसको लेकर सतरिख से टेंट का सामान लेकर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी दुर्गेश रावत (24) व आलमपुर गयासपुर निवासी मायाराम बृहस्पतिवार की सुबह पहुंचे थे। यहां पर टेंट का सामान नीचे उतार रहे थे।
इसी दौरान पास से गुजरी हाईटेंशन विद्युत लाइन में टेंट का पाइप छू जाने से मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इससे मजदूर दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मायाराम गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे आननफानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पहुंचते ही दुर्गेश के घर में कोहराम मच गया।
गुलरिहा निवासी दुर्गेश के ससुर सत्यानाम रावत की सूचना पर पहुंची सतरिख पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्गेश का विवाह एक वर्ष पहले हुआ था। उसकी एक माह की बेटी है। पति की मौत की सूचना पर मासूम को निहार रही पत्नी का रो-रोकर हाल बेहाल था। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।