बाराबंकी। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर गांव के निकट अयोध्या हाईवे पर खड़े ट्रक में घ
- फोटो : BARABANKI
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। अयोध्या हाईवे के किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से एक कार जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में युवक के साथ उसकी पत्नी, भाई, दो बच्चों व मित्र की मौत हुई है। दुर्घटना के बाद कंटेनर छोड़कर उसका चालक भाग गया। मोबाइल व गाड़ी में मिले कागजों से शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी।
यह हादसा अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में नरायनपुर गांव के पास बुधवार भोर करीब 3 बजे हुआ। अयोध्या जिले के रुदौली थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर हयातनगर शुजागंज निवासी अजय कुमार वर्मा (34) गुजरात प्रांत के सूरत में कपड़ा बुनने वाली मशीन लगाकर वहीं पर कारोबार करते थे।
अजय के साथ उसका भाई रामजन्म वर्मा (28), पत्नी सपना (28), पुत्र आर्यांश (8) व यश (10) और रुदौली थाना क्षेत्र के ही परसावां गांव निवासी मित्र अजय कुमार यादव (25) सूरत से कार द्वारा पैतृक गांव जा रहे थे।
कार अजय चला रहा था। इस दौरान नरायनपुर गांव के पास स्थित एक ढाबे के निकट हाईवे पर बायीं ओर खड़े एक कंटेनर में कार पीछे से जा घुसी। यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी लोग उसी में फंस गए। इस हादसे की खबर सबसे पहले हाईवे पेट्रोलिंग के मार्ग गश्त अधिकारी जयदीप सिंह को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
हादसे का शिकार हुई कार में फंसे सभी लोगों की सांसें थम चुकी थीं मगर उन्हें हाईवे पेट्रोलिंग के वाहन से ही तत्काल सीएचसी रामसनेहीघाट लाया गया। जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। एएसपी उत्तरी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।